जयपुर में ई-कॉमर्स डिलीवरी फर्जीवाड़ा गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
जयपुर : जयपुर ईस्ट की जामडोली थाना पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के पार्सलों में हेराफेरी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों अनिल चौधरी, भरत जागा और राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये कीमत के चार महंगे मोबाइल बरामद किए गए हैं जिनमें एक आईफोन और तीन सैमसंग फोन शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त रंजिता शर्मा ने बताया कि यह गैंग फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों से महंगे मोबाइल और आईपैड ऑनलाइन ऑर्डर कर डिलीवरी के दौरान असली प्रोडक्ट निकालकर डमी प्रोडक्ट रख देता था। इस धोखाधड़ी की शिकायत लोडशेयर कंपनी के संचालक धीरज सिंह ने 13 अप्रैल को जामडोली थाने में दर्ज कराई थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के नेतृत्व में विशेष टीम ने तकनीकी डेटा और मोबाइल ट्रैकिंग से आरोपियों को पकड़ा। पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।