महसी : गजपतिपुर माइनर में नहर का पानी पहुंचा, 19 हजार किसानों को लाभ
महसी (बहराइच) : करीब डेढ़ दशक के लंबे इंतजार के बाद इमामगंज शाखा से जुड़े गजपतिपुर माइनर में नहर का पानी पहुंच गया है। इससे क्षेत्र के लगभग 19 हजार किसानों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। नहर में पानी पहुंचने की सूचना से किसानों के चेहरे खिले हैं और वे इसे क्षेत्र की कृषि व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।
किसानों का कहना है कि अब समय पर सिंचाई सुविधा मिलने से धान, गेहूं, गन्ना सहित अन्य फसलों की पैदावार में वृद्धि होगी। नहर में नियमित पानी मिलने से ट्यूबवेल और भूमिगत जल स्रोतों पर निर्भरता कम होगी, जिससे खेती की लागत घटेगी और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संबंधित विभाग और प्रशासन का आभार जताया है।