राजधानी रांची में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला अनियंत्रित ट्रक बीच रास्ते में पलटा
राँची: राजधानी राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरमू बायपास रोड पर आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ सदानंद चौक के समीप बालू से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक jH–01 EB 7213 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज रफ्तार बना हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक काफी तेज गति में था। सदानंद चौक के पास जैसे ही चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खोया, गाड़ी लड़खड़ाते हुए बीच सड़क पर ही पलट गई। ट्रक पर भारी मात्रा में बालू लदा था, जो पूरी सड़क पर बिखर गया। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय ट्रक की चपेट में कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घंटों बाधित रहा यातायात
व्यस्त हरमू बायपास रोड पर ट्रक के पलटने और बालू बिखरने के कारण दोनों तरफ का यातायात पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस ने क्रेन से हटवाया ट्रक
घटना की जानकारी मिलते ही अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क के बीच से हटवाया और सड़क पर बिखरी बालू को साफ कराने का काम शुरू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया जा सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।