प्रधानमंत्री काॅलेज ऑफ एक्सीलेंस में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व तंबाकू निषेध दिवस
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व तंबाकू निषेध दिवस
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरैना में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को तंबाकू तथा अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. दिलीप कटारे ने नशा मुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर समूह चर्चा, भाषण प्रतियोगिता तथा नशा मुक्ति शपथ सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में जन-जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एसएएफ ग्राउंड मुरैना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई को एसएएफ ग्राउंड, मुरैना में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेष रूप से युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों से तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। अतः सभी नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को तंबाकू त्यागने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
-
#JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh