logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बोधगया में भाजपा का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

भाजपा गयाजी पूर्वी जिला संगठन के तत्वावधान में बोधगया के होटल स्टार में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का रविवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से आए लगभग 300 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दो दिनों तक चले विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक कार्यपद्धति, विचारधारा, कार्यकर्ता विकास, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला-संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि भाजपा की पहचान उसकी मजबूत कार्यपद्धति, अनुशासन और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं के आचरण, व्यवहार और निरंतर संवाद में निहित है। भाजपा विचार आधारित पार्टी है, जहां राष्ट्रहित सर्वोपरि है।
पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने देश के समक्ष मौजूद राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि वैश्विक अस्थिरता के दौर में भी भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वदेशी को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक संस्कार, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान और सकारात्मक व्यवहार की सीख दी। वहीं जिला प्रभारी सुरेश शर्मा ने बूथ स्तर के कार्यक्रमों एवं संगठन विस्तार की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी। सैद्धांतिक सत्र में विजय सिंह ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण वर्ग की अध्यक्षता भाजपा गयाजी पूर्वी जिला अध्यक्ष विजय कुमार मांझी ने की। प्रशिक्षण के दौरान सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 134वां एपिसोड को भी सुना। कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जन-जन तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण के अंत में सभी को प्रमाण-पत्र दिया गया। मौके पर पूर्व सांसद रामजी मांझी, जिला उपाध्यक्ष सुधांशु कुमार मिश्रा, महामंत्री पप्पू चंद्रवंशी, अशोक सिंह, चंदन दास, प्रमोद चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

0
256 views

Comment