कौशाम्बी पुलिस ने सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित किया
कौशाम्बी: पुलिस कार्यालय कौशाम्बी में उत्तर प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के सम्मान में गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी चायल अभिषेक सिंह ने की। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।
अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस राज कुमार राम, सभाजीत तिवारी तथा आरक्षी नागरिक पुलिस बैजनाथ सरोज सहित सभी ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ।