गाजियाबाद: सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद मुठभेड़ में ढेर
गाजियाबाद: दिल्ली से सटे थाना खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार में बकरीद के दिन हुए सूर्या चौहान हत्या मामले के मुख्य आरोपी असद को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया है। असद पर सूर्या चौहान की चाकुओं से हत्या करने का आरोप था। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था और परिजनों के साथ-साथ विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।
पुलिस ने बताया कि पहले ही इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन असद फरार था। पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चला रही थीं। इंदिरापुरम क्षेत्र से सूचना मिलने पर पुलिस ने असद को घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, असद ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाब में उसे गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।