सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विशेष समीक्षा
सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विशेष समीक्षा
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने निराकरणों में कसावट लाने के दिए निर्देश
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत दर्ज लंबित आवेदनों के निराकरण की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से 300 से 500 दिवस से लंबित शिकायतों एवं आवेदनों पर फोकस करते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभागवार लंबित प्रकरणों की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर अद्यतन जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों में लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रस्तुत की गई।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराते हैं। इसलिए प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, तथ्यात्मक एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबे समय से लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा बिना तथ्यात्मक परीक्षण के प्रकरणों का निराकरण न किया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ता से सतत संवाद बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निराकरण की प्रक्रिया में और अधिक कसावट लाने के निर्देश दिए, जिससे जिले की रैंकिंग एवं नागरिक संतुष्टि दोनों में सुधार हो सके।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha