logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बेगूसराय में सांप के काटने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में मचा कोहराम


बेगूसराय/चेरिया बरियारपुर: चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरबासा पंचायत वार्ड संख्या-5 में रविवार की शाम एक दर्दनाक घटना में जहरीले सांप के काटने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सकरबासा पंचायत वार्ड संख्या-5 निवासी पिंटु साह की 10 वर्षीय पुत्री अंशिका कुमारी अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान खेत की ओर से आए एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया। शुरुआत में परिजनों को घटना की जानकारी नहीं थी, लेकिन बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर सांप काटने की बात सामने आई।
मृतका की मां पूजा देवी ने बताया कि उनकी बेटी अंशिका घर के आंगन में खेल रही थी, तभी खेत की ओर से आए सांप ने उसे काट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए दलसिंहसराय ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अंशिका अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। बताया जाता है कि दो भाइयों के बीच वह अकेली बहन थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की आवश्यक प्रक्रिया में जुट गई है।
वहीं, परिजनों ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का भी कहना है कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस दुख की घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग बच्ची की मौत पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।

22
1083 views

Comment