वाराणसी: जंगमबाडी व्यापार मंडल ने प्याऊ का शुभारंभ किया
वाराणसी: भीषण गर्मी और नौतपा को देखते हुए जंगमबाडी व्यापार मंडल ने शनिवार को जंगमबाडी मुख्य बाजार में प्याऊ का शुभारंभ किया। इसका उद्घाटन क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना की और बताया कि प्याऊ में रूह अफजा, शुद्ध पेयजल एवं गुड़ की व्यवस्था की गई है। साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की विशेष व्यवस्था की गई है। यह प्याऊ गादौलिया से जंगमबाडी मार्ग से गुजरने वाले आमजन एवं पर्यटकों को राहत प्रदान करेगा और काशी के आतिथ्य सत्कार का अनुभव कराएगा।
जंगमबाडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकेश यादव 'बाबू' ने गर्मी में पानी की व्यवस्था को सबसे बड़ा पुण्य बताया और नागरिकों से अपील की कि वे अपनी छतों पर पशु-पक्षियों के लिए पानी रखें तथा बालकनी में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने कंक्रीट के जंगल बन जाने और पेड़ों की कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से पौधे लगाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आग्रह किया। इस अवसर पर महामंत्री अनिरुद्ध यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि पाल, घनश्याम यादव, उपाध्यक्ष राजीव यादव, क्रिसल्य राय चौधरी, मंत्री पिंटू वर्मा, सामू यादव, जावेद सिद्दीकी सहित कई व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।