logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अतिथि अध्यापकों ने ज्ञानचंद गुप्ता को सौंपा मांग पत्र, हाईकोर्ट के फैसले को लागू करने की उठाई मांग

पंचकूला, 30 मई 2026 : समस्त अतिथि अध्यापक (कोर्ट कमेटी), हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा दिए गए नियमितीकरण संबंधी फैसले को जल्द लागू करवाने के लिए वे मुख्यमंत्री तक उनकी बात पहुंचाएं।

अतिथि अध्यापकों ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने वर्ष 2005-06 में नियुक्त अतिथि अध्यापकों को बड़ी राहत देते हुए हरियाणा सरकार को वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीति के तहत उनकी सेवाएं नियमित करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि इन अध्यापकों की नियुक्ति विज्ञापन, मेरिट और चयन प्रक्रिया के आधार पर हुई थी तथा यह किसी भी प्रकार की बैकडोर एंट्री नहीं थी।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। हाईकोर्ट ने भी माना है कि इतने लंबे समय तक सेवाएं लेने के बाद उन्हें केवल अस्थायी कर्मचारी मानना उचित नहीं है। न्यायालय ने सरकार को दो माह के भीतर उनकी सेवाएं नियमित करने और नौकरी व सेवानिवृत्ति से जुड़े सभी लाभ देने के निर्देश दिए हैं।

अतिथि अध्यापकों ने मांग की कि हरियाणा सरकार बिना किसी देरी के हाईकोर्ट के आदेशों को लागू करे, ताकि प्रदेश के हजारों अतिथि अध्यापकों को न्याय मिल सके और उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।

इस दौरान ज्ञान चंद गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे उनकी भावनाओं और मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे तथा सकारात्मक समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर समस्त अतिथि अध्यापक (कोर्ट कमेटी), हरियाणा के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

#GuestTeacher #Haryana #HighCourt #Regularization #Panchkula #NayabSaini #GyanChandGupta #समाचारसंसारन्यूज24

3
134 views

Comment