लुधियाना में मौसम ने ली करवट, भीषण गर्मी से मिली राहत
लुधियाना, 30 मई: पिछले 10–12 दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे लुधियाना के लोगों को आज मौसम के अचानक बदले मिजाज से बड़ी राहत मिली है। लगातार कई दिनों तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था और लोग घरों में रहने को मजबूर थे।
आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे से ही शहर का मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे वातावरण सुहावना हो गया है। मौसम में आई इस तब्दीली से लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया था, लेकिन आज चल रही ठंडी हवाओं ने काफी राहत पहुंचाई है। मौसम के इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ समय के लिए निजात मिली है।
मौसम के बदले रुख को देखते हुए शहरवासी बारिश की भी उम्मीद कर रहे हैं। यदि आने वाले घंटों में वर्षा होती है तो गर्मी से राहत और बढ़ सकती है। फिलहाल लुधियाना में मौसम सुहावना बना हुआ है और लोग खुले वातावरण का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
रिपोर्ट: Arun Koundal