मुरादाबाद में 26 घंटे बिजली गुल,लोगों का विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा।एमएलसी के घर का घेराव।अफसरों ने एमएलसी का फोन भी नही उठाया।
गुरुवार देर रात आई आंधी और बारिश के बाद भीषण गर्मी के बीच मुरादाबाद के कई इलाकों में करीब 26 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।शहर के दौलत बाग, नागफनी, दीवान का बाजार, तहसील स्कूल, बंगला गांव, डिप्टी गंज, अंडे वालान, अकबर कंपाउंड, डहेरिया मुहल्ला, तारों वाली गली, शिव विहार कालोनी, होलिका मैदान समेत आधे शहर की बिजली शुक्रवार दोपहर तक गुल रही।बिजली गुल लरहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
लोगों ने विद्युत उपकेंद्र और बिजली अफसरों को फोन किया जब फोन नहीं उठा तो आधी रात काे लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया, लेकिन इसके बाद भी सुनवाई नहीं होने पर वह महिलाओं के साथ भाजपा एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त के आवास पर पहुंच गए। आवास का घेराव करते हुए नारेबाजी करनी शुरू कर दी।वहां उन्होंने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने की मांग की और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
लोगों का गुस्सा और नारेबाजी देख एमएलसी लोगों के बीच आ गए। उन्होंने तुरंत बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन मिलाना शुरू कर दिया, लेकिन किसी ने भी उनका फोन रिसीव नहीं किया।ऐसे में उन्होंने शनिवार को सुबह अधिकारियों से बात करने का आश्वासन देकर लोगों को किसी तरह शांत किया
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में इतने लंबे समय तक बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई घरों में पानी की टंकियां खाली हो गईं, जिससे लोगों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई थी। टीमों को मरम्मत कार्य में लगाया गया है और जल्द ही स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।