बदायूं: किशोरी से छेड़छाड़ में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई। पिंटू कुमार संवाददाता
बदायूं: थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में एडीजी जॉन बरेली के आदेश पर पूर्व ग्राम प्रधान संजीव गुप्ता समेत चार आरोपितों के खिलाफ 16 दिन पहले मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बरात लौटते समय संजीव गुप्ता और उसके तीन साथियों ने किशोरी को गलत नीयत से पकड़ लिया था। विरोध करने पर आरोपितों ने परिवार के साथ मारपीट की, जिससे महिला, पुत्री और पुत्र घायल हो गए।
पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद थाना पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया है। पीड़ित परिवार ने एडीजी जॉन बरेली से न्याय की गुहार लगाई थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। हालांकि, पूर्व ग्राम प्रधान संजीव गुप्ता और मोरसिंह जो राजनैतिक प्रभाव रखते हैं, आज भी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को धमकियां दे रहे हैं। परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को भी कई बार प्रार्थना पत्र दिया, पर गिरफ्तारी नहीं हुई। शुक्रवार को परिवार ने एडीजी जॉन बरेली व आईजी रेंज बरेली के कार्यालय में जाकर फिर गिरफ्तारी की मांग की।