बेतवा नदी पर बन रहे एक पुल का एक हिस्सा गिरने से छह मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के आए तूफान के बाद बेतवा नदी पर बन रहे एक पुल का एक हिस्सा गिरने से छह मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना तड़के करीब 3 बजे परसानी और कंदौर गांवों के बीच हुई, जब मौराकंदर से कुरारा की ओर बन रहे पुल का एक हिस्सा गिर गया।
अधिकारियों के अनुसार, पुल निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर पुल के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे, तभी अचानक वह हिस्सा टूट गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान लोकेंद्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है।
तीन मजदूर एक खंभे के नीचे दब गए थे, जिन्हें बाद में बचा लिया गया।
घायलों को हमीरपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लालपुरा पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) राजेश कुमार सरोज ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मलबे को हटाने का काम जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य मजदूर मलबे के नीचे न फंसा हो।
#badaunharpalnews #budaunharpal #badaunharpal #budaun #badaun #budauncity #badaunnews #UttarPradeshNews #ujhani #noida #hamirpur #bridge बदायूँ हर पल न्यूज़ @badaunharpalnews