logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पंचकूला में टीबीआरएल द्वारा हाई कैलिबर बम ट्रायल को लेकर अलर्ट: पुलिस ने लोगों से घरों में रहने व सुरक्षा एडवाइजरी की पालना करने की अपील की

ट्रायल के दौरान 1.5 किलोमीटर तक उड़ सकते है बम के टुकड़े, 2 किलोमीटर का दायरा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील घोषित, भानू और बिल्ला गांव को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश

किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को दें, अफवाहों पर ध्यान न दें

पंचकूला/ 29 मई:- जिला प्रशासन एवं पंचकूला पुलिस विभाग ने आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों से जारी सुरक्षा एडवाइजरी की पूर्ण पालना करने की अपील की है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की इकाई टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी (टीबीआरएल), सेक्टर-30 चंडीगढ़ द्वारा रामगढ़ रेंज क्षेत्र में हाई कैलिबर बम ट्रायल आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

जानकारी के अनुसार यह हाई कैलिबर बम ट्रायल 31 मई 2026 को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक टीबीआरएल रामगढ़ रेंज में आयोजित किया जाएगा। ट्रायल के दौरान बम के टुकड़े लगभग 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक जा सकते हैं तथा विस्फोट स्थल के आसपास 2 किलोमीटर के दायरे को सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना गया है। विशेष रूप से भानू और बिल्ला गांव इस स्प्लिंटर डेंजर जोन के अंतर्गत आते हैं।

पंचकूला पुलिस विभाग द्वारा स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि निर्धारित समयावधि के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने संबंधित क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को दें। साथ ही भरोसा दिलाया है कि ट्रायल प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े।

0
0 views

Comment