विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
सरायकेला: राजनगर भाग-17 की जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सड़क, पुलिया निर्माण, स्वास्थ्य सुविधा, बिजली व्यवस्था और एंबुलेंस जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
जिला परिषद सदस्य ने चौकीदारी बहाली प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अलावा बाली जुड़ी और छोटा खीरी गांव में पीसीसी सड़क निर्माण कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
ज्ञापन में कुनाबेड़ा स्थित टाटा-राजनगर मुख्य सड़क पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए वहां स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने की मांग की गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया।
अमोदिनी महतो ने खैरकोचा-भीमखंदा पुलिया निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। वहीं एदल स्कूल में बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग भी रखी गई, जिससे विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान क्षेत्र के कई ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।