गौरिया महायज्ञ जागरण में उमड़ी श्रद्धा, सामाजिक समरसता का संदेश
धार्मिक आयोजन संस्कृति, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं : विधायक
रिपोर्ट : जयदीप कुमार सिन्हा
बरही । बीते रात गौरियाकरमा पंचायत स्थित गौरिया देवी मंडप में आयोजित श्री श्री 1008 शतचंडी नौ दिवसीय वार्षिकोत्सव महायज्ञ के मौके पर भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भक्तिमय माहौल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर जागरण मंच का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। महायज्ञ और जागरण जैसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपरा से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। आयोजन समिति और ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से यह महायज्ञ क्षेत्र में आस्था का केंद्र बन गया है।
जागरण कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, मध्य जिप प्रतिनिधि गणेश यादव, मुखिया प्रतिनिधि राजन ओम, प्रो जयप्रकाश आनंद आदि कई गणमान्य लोग मौजूद थे । आयोजन को सफल बनाने में महायज्ञ समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मुखिया मनोज कुमार, सचिव रामचंद्र विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष प्रकाश पंडित सहित महायज्ञ समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों व प्रबुद्ध जनों की सक्रिय भूमिका रही।