बरही में आर्टिफिशियल चेन पहनना भी नहीं सुरक्षित, झपट्टा मारकर लॉकेट छीन फरार हुए अपराधी
रिपोर्ट : जयदीप कुमार सिन्हा
छीना-झपटी में महिला सड़क पर गिरी, गंभीर चोट लगने के बाद हजारीबाग रेफर
शहर में बढ़ती स्नेचिंग से दहशत, आधा दर्जन घटनाओं के बाद भी पुलिस खाली हाथ
बरही : शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि आर्टिफिशियल और रोल गोल्ड की चेन पहनना भी महिलाओं के लिए खतरे से खाली नहीं रह गया है। ताजा मामला शुक्रवार अहले सुबह धनबाद रोड स्थित समानता पेट्रोल पंप के समीप सामने आया, जहां बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से लॉकेट छीन लिया।
जानकारी के अनुसार, सुखदेव साव की करीब 50 वर्षीय पत्नी सुबह दूध लाने के लिए खटाल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों की नजर उनके गले में पहने रोल गोल्ड के लॉकेट पर पड़ी। बदमाश अचानक महिला के करीब पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर लॉकेट छीन लिया। छीना-झपटी के दौरान महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर परिजनों ने बरही थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बाइक चालक हेलमेट पहने दिख रहा है, जबकि पीछे बैठा युवक बिना हेलमेट के नजर आ रहा है। दोनों की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
लगातार हो रही स्नेचिंग की घटनाओं से शहरवासियों में भय का माहौल है। अब तक आधा दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस किसी भी मामले का खुलासा करने में सफल नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।