भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकियू भानु का बड़ा ऐलान, 8 जून को उग्र आंदोलन की चेतावनी
पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिला अध्यक्ष भजन लाल क्रोधी ने मीडिया के माध्यम से संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय पर भ्रष्टाचार के खिलाफ 1 जून को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को संगठन की सहमति से स्थगित कर दिया गया है, लेकिन अब 8 जून को जनपद मुख्यालय पर पहले से अधिक उग्र रूप में आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में भ्रष्टाचार चरम पर है और जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी आम जनता तथा किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। भाकियू भानु का कहना है कि कई बार शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद प्रशासनिक तंत्र पर कोई असर नहीं पड़ा, जिसके चलते संगठन अब आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर है।जिला अध्यक्ष ने बताया कि 8 जून को मंडी समिति स्थित किसान विश्राम गृह में जिले भर के किसान और संगठन के कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी लोग पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेंगे, जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ उग्र धरना प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों का घेराव भी किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर सड़क जाम कर चक्का जाम आंदोलन किया जा सकता है।भजन लाल क्रोधी ने विशेष रूप से बिलसंडा थाना को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस प्रशासन 8 जून से पहले बिलसंडा थाना की “तिगड़ी” को तत्काल प्रभाव से हटाए, अन्यथा आंदोलन के स्थिति की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी।भाकियू भानु के इस ऐलान के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश की गई तो आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है।