logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भावनगर की छमाही बैठक संपन्न

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भावनगर की छमाही बैठक संपन्न

गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), भावनगर की छमाही बैठक का आयोजन दिनांक 29 मई, 2026 (शुक्रवार) को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, भावनगर में अध्यक्ष – नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति एवं मंडल रेल प्रबंधक, भावनगर श्री दिनेश वर्मा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक किया गया।
बैठक में भावनगर स्थित केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों, बैंकों एवं उपक्रमों के कार्यालय प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान सदस्य कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा राजभाषा संबंधी महत्वपूर्ण मदों पर प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर राजभाषा हिंदी पत्रिका प्रकाशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय को “सर्वश्रेष्ठ शील्ड”, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को “उत्कृष्ट शील्ड” तथा भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को “प्रशंसनीय शील्ड” प्रदान कर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष महोदय ने सभी विजेता संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि अन्य कार्यालय भी इनसे प्रेरणा लेकर राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देंगे।
श्री दिनेश वर्मा ने गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित वार्षिक कार्यक्रम के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने पर बल देते हुए सभी कार्यालयों से राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आग्रह किया।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री ऋत्विक शर्मा ने अपने संबोधन में कर्मचारियों को विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने हेतु प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के अंत में सचिव- नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति श्री रामप्रीत मौर्य ने अध्यक्ष महोदय सहित सभी सदस्य कार्यालयों एवं प्रतिनिधियों का सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता हेतु आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ अनुवादक श्री परेश बी. मजीठिया द्वारा किया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से मंडल लेखा परीक्षा कार्यालय, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, केंद्रीय विद्यालय, आयकर कार्यालय, भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL), मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, केंद्रीय नमक एवं समुद्री रसायन अनुसंधान संस्थान, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सहित विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों एवं उपक्रमों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया

7
237 views

Comment