एनआईए में विद्यार्थियों ने तंबाकू से होने वाले दुष्परिणामों को पोस्टरों पर उकेरा
युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए समाज में जागरूकता जरूरी : प्रह्लाद रघु
पंचकूला, 29 मई : राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) पंचकूला में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों को रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से दर्शाते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा, डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी और डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व के नेतृत्व में संस्थान लगातार नशा मुक्त अभियान के तहत आमजन को जागरूक कर रहा है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों ने तंबाकू से होने वाले नुकसान को प्रभावशाली ढंग से पोस्टरों पर उकेरा।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रचना शारीर विभाग से प्रोफेसर प्रह्लाद रघु, शालाक्य तंत्र विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गरिमा गुप्ता, शल्य तंत्र विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंकिता नेगी तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिन्शा पी शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और जनजागरूकता संदेशों की सराहना की।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बीएएमएस बैच 2025-26 की छात्रा अंजलि ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, नैंसी और निक्की रावत संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि बीएएमएस बैच 2024-25 के छात्र संजू ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रोफेसर प्रह्लाद रघु ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित कई गंभीर रोगों का प्रमुख कारण है और युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराना समय की बड़ी आवश्यकता है।
एसोसिएट प्रोफेसर अनूप एम ने कहा कि तंबाकू सेवन केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि अनेक जानलेवा बीमारियों की जड़ है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
अगद तंत्र विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनीता यादव ने बताया कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत 29 मई से 1 जून तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 30 मई को नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जो एनआईए से शुरू होकर आसपास के क्षेत्र में जागरूकता फैलाएगी।
इसके अलावा 31 मई को श्रमिकों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा तथा 1 जून को संस्थान में शपथ समारोह आयोजित होगा, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी नशे के खिलाफ शपथ लेंगे। साथ ही संस्थान में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को जागरूक करने के लिए विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
#samacharsansarnews24 #Panchkula #NIAPanchkula #WorldNoTobaccoDay #NashaMuktBharat #Ayurveda #YouthAwareness #NoTobacco #HealthAwareness