पंचकूला पुलिस के चार कर्मियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई,त्योहार-उत्सव छोड़ वर्दी का साथ निभाने वाले पुलिसकर्मी हमेशा रहेंगे इस परिवार का हिस्सा
पंचकूला, 29 मई : समाज की सुरक्षा में अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष समर्पित करने के बाद पंचकूला पुलिस परिवार के चार कर्तव्यनिष्ठ सदस्य आज अपनी लंबी और गौरवशाली सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। पंचकूला पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह भावुक और सम्मानपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां ढोल-नगाड़ों, तालियों और फूल-मालाओं के साथ पुलिस कर्मियों को विदाई दी गई।
इस गरिमामयी समारोह में इंस्पेक्टर मुल्ख राज, ऑनरेरी इंस्पेक्टर जसमैल सिंह, ऑनरेरी इंस्पेक्टर मोहिन्द्र सिंह और ईएसएसआई बलविंदर सिंह को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, साथी कर्मचारियों और परिजनों ने मुस्कान और भावुकता के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि त्याग, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। पुलिसकर्मी अपने परिवार और त्योहारों से दूर रहकर समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, इसलिए उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी ये सभी अधिकारी पंचकूला पुलिस परिवार का अहम हिस्सा रहेंगे और विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को जीवन की दूसरी पारी स्वस्थ, खुशहाल और यादगार ढंग से जीने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसीपी सुरेन्द्र सिंह ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की। वहीं डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने चारों पुलिसकर्मियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में पुलिस लाइन स्टाफ और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान लाइन ऑफिसर एसआई अजब सिंह, एसआई मलकीत सिंह, ईएसआई अजमेर सिंह, ईएएसआई रामेश्वरदास और ईएएसआई हरदयाल सिंह ने भी अपने साथियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह का सफल और आकर्षक मंच संचालन महिला एएसआई शिवानी ने किया, जिन्होंने अपनी अनूठी शैली से पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
#PanchkulaPolice #RetirementCeremony #DCPSrishtiGupta #PoliceLinePanchkula #KhakiKaSamman #PoliceFamily #PanchkulaNews #SamacharSansarNews24 #हर_खबर_पर_पैनी_नजर