सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी में आधी रात सैलाब से मची अफरा-तफरी
खोल नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर, कई वाहन बहे; दो महिलाओं के शव मिलने की सूचना
📍 बेहट / सहारनपुर
शिवालिक पहाड़ियों में देर रात हुई तेज बारिश के बाद सिद्धपीठ मां श्री शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में स्थित खोल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे देर रात क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 12 बजे तेज बहाव आने से कई वाहन पानी की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ कारें, ट्रैक्टर-ट्रालियां और बाइकें बह गईं, जबकि एक वाहन के पलटने की भी सूचना है। कुछ श्रद्धालुओं के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से लापता लोगों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद दो महिलाओं के शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहत एवं बचाव दल लगातार नदी किनारे सर्च अभियान चला रहे हैं। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से नदी और बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
मौके पर एसडीएम मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर मिर्जापुर सूबे सिंह तथा इंस्पेक्टर बेहट जितेंद्र सिंह दीक्षित पुलिस बल के साथ पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन के साथ मिलकर खोजबीन में जुटे हुए हैं।
तेज बहाव के कारण मंदिर क्षेत्र में लगी कई अस्थायी दुकानें और टेंट भी क्षतिग्रस्त बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रशासन का कहना है कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर पहले से हाई अलर्ट जारी किया गया था, जिसके चलते कई श्रद्धालुओं को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया।