भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन
खानपुर कलां, 29 मई 2026।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष संगोष्ठी एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें “योग एवं योगिक जीवन शैली” विषय पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के सदस्य डॉ. कुलदीप ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवन शैली है, जो व्यक्ति के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवन शैली के कारण अनेक प्रकार के रोग उत्पन्न हो रहे हैं, जिन्हें योग, संतुलित आहार, उचित निद्रा, नियमित शारीरिक श्रम एवं घरेलू चिकित्सा पद्धतियों को अपनाकर काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।डॉ. कुलदीप ने भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि यदि समाज योगिक जीवन शैली को अपनाए तो भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज लाइफस्टाइल डिसऑर्डर अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बन चुके हैं और योग इन समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है। योग को दैनिक जीवन में शामिल करके न केवल व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले भारी खर्च में भी कमी लाई जा सकती है।कार्यक्रम के दौरान योग के विभिन्न आयामों एवं इसके सामाजिक महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय स्वास्थ्य वृत्त एवं योग विभाग की श्रीमती मनिता द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
फोटो कैप्शन :-02 कार्यक्रम में अपना वक्तव्य देते हरियाणा योग आयोग के सदस्य डॉ कुलदीप।