बिलसंडा पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, क्षेत्र में बढ़ता भय का माहौल
पीलीभीत जनपद के बिलसंडा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई बड़ी घटना ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद कस्बे में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बावजूद थाना पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।
भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने पहले ही पुलिस अधीक्षक को डाक के माध्यम से ज्ञापन भेजकर थाना प्रभारी निरीक्षक सिद्धांत शर्मा, उपनिरीक्षक मनोज कुमार गौतम तथा प्रभारी निरीक्षक के करीबी बताए जा रहे हेड कॉन्स्टेबल गुरुमीत को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की थी। संगठन का आरोप है कि लंबे समय से थाना में जमे इन पुलिसकर्मियों की कार्यशैली के कारण अपराधियों और दबंगों के हौसले बुलंद हो गए हैं।भाकियू भानु पदाधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र के कई बदमाशों और दबंगों से कथित सांठगांठ के चलते अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है। आये दिन हो रही घटनाओं से आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। ताजा घटना ने लोगों के अंदर और अधिक भय पैदा कर दिया है।संगठन ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते शिकायतों और ज्ञापनों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती तो शायद ऐसी बड़ी घटना को रोका जा सकता था। अब क्षेत्रीय जनता की निगाहें पुलिस अधीक्षक पर टिकी हैं कि आखिर इस पूरी “तिगड़ी” पर क्या कार्रवाई होती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। वहीं भाकियू भानु ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।