अचानक बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित
मोहम्मदगंज। पलामू। झारखंड।
शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे मोहम्मदगंज प्रखंड क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह सूर्य निकलने के बाद चारों ओर साफ रोशनी थी, लेकिन देखते ही देखते आसमान घने काले बादलों से ढक गया और अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम के इस रुख से लोग भयभीत हो गए।
आंधी और बारिश का असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिला। कई जगहों पर कमजोर दीवारें गिर गईं, जबकि कई पेड़ भी धराशायी हो गए। मोहम्मदगंज स्टेशन रोड स्थित सोलर वाटर सिस्टम तेज आंधी की चपेट में आकर अपने सपोर्ट सहित उखड़कर गिर गया, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण मोटर बंद हो गई है और इलाके में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है।
तेज आंधी के कारण बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह बाधित हो गई। कई इलाकों में तार और पोल प्रभावित होने की सूचना है। बिजली विभाग के कर्मचारी बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटे हुए हैं।
अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए और बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय ऐसा मौसम पहले बहुत कम देखने को मिला