Breaking: अमृतसर के बाजार में भीषण आग, ऊंची लपटों से दहला इलाका, कई दुकानें चपेट में
अमृतसर के रामबाग इलाके में पड़ते बांसा वाले बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस आगजनी की घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग की चपेट में आने से आसपास की दुकानों में भी भारी नुकसान हुआ है।
आग इतनी भयानक थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया। आसमान में धुएं के बड़े-बड़े गुबार छा गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए।
आग फैलती देख दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान निकाल-निकालकर सड़क पर फेंकते नजर आए, ताकि उनका सामान जलने से बच सके। वहीं, मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन भी पहुंच गया और लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की गई।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Punjab Kesari Amritsar