मुरादाबाद एयरपोर्ट से उड़ान सेवा पर संकट।19 सीटर विमान संचालन करने वाली कंपनी ने बंद की सेवाएं।
मुरादाबाद एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। नवंबर 2024 से बंद पड़ी उड़ान सेवा अब नए संकट में फंस गई है। जानकारी के मुताबिक 19 सीटर विमानों का संचालन करने वाली कंपनियों ने अपनी सेवाएं बंद करनी शुरू कर दी हैं, जिससे मुरादाबाद एयरपोर्ट से उड़ानों की बहाली पर संकट गहरा गया है।
रिपोर्ट के अनुसार एयरपोर्ट के रखरखाव पर हर महीने लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं, जबकि आमदनी बेहद कम रही। करीब 1500 यात्रियों से लगभग 42 लाख रुपये की आय हुई, लेकिन रखरखाव और सुरक्षा पर खर्च इससे कई गुना अधिक पहुंच गया। ऐसे में एयरलाइन कंपनियों के लिए सेवा जारी रखना आर्थिक रूप से मुश्किल साबित हो रहा है।
हालांकि प्रशासन और विमानन विभाग का कहना है कि नई योजना पर काम चल रहा है और जल्द सकारात्मक पहल देखने को मिल सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में बड़ी विमानन कंपनियों को जोड़कर फिर से उड़ान सेवा शुरू की जा सकती है।
मुरादाबाद के उद्योगपति, निर्यातक और आम नागरिक लंबे समय से नियमित हवाई सेवा की मांग कर रहे हैं। उनका मानना है कि एयरपोर्ट चालू होने से कारोबार, पर्यटन और रोजगार को नई रफ्तार मिल सकती है। लेकिन फिलहाल उड़ान सेवा पर लगे इस झटके ने लोगों की उम्मीदों को फिर अधर में लटका दिया है।