जगराओं में नगर काउंसिल चुनाव-2026 की मतगणना के लिए काउंटिंग एजेंटों के पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जगराओं में नगर काउंसिल चुनाव-2026 की मतगणना के लिए काउंटिंग एजेंटों के पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट (SDM) कार्यालय में शुरू हो गई है। सभी राजनीतिक दलों के उम्मीदवार और निर्दलीय प्रत्याशी सुबह से ही एसडीएम दफ्तर स्थित चुनाव सेल कार्यालय पहुंच रहे हैं, ताकि वोटों की गिनती के लिए अपने-अपने बूथों के अनुसार काउंटिंग एजेंट नियुक्त किए जा सकें।
चुनाव आयोग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि प्रत्येक बूथ पर केवल एक काउंटिंग एजेंट की अनुमति होगी। इसी नियम के तहत उम्मीदवार आवेदन पत्र, आधार कार्ड और दो-दो फोटो के साथ पहचान पत्र बनवाने के लिए लाइन में लगे नजर आए।
बूथों की संख्या के अनुसार एजेंट नियुक्त कर सकेंगे
जानकारी के अनुसार, 26 मई को हुए नगर काउंसिल चुनावों की मतगणना 29 मई (शुक्रवार) को डीएवी कॉलेज में बने सेंटर पर होगी। मतगणना के दौरान उम्मीदवार अपने बूथों की संख्या के अनुसार एजेंट नियुक्त कर सकेंगे। उदाहरण के तौर पर, दो बूथ होने पर दो एजेंट और तीन बूथ होने पर तीन एजेंट रखे जा सकेंगे।
जरूरी दस्तावेज जमा करवाने में जुटे उम्मीदवार
चुनाव सेल कार्यालय में सुबह से ही चहल-पहल देखने को मिल रही है, जहां उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ जरूरी दस्तावेज जमा करवाने में जुटे रहे। इस दौरान कई उम्मीदवारों में हार-जीत को लेकर तनाव भी देखने को मिला और पूरे दिन चुनावी चर्चाओं का दौर जारी रहा।
मतदान पेटियों की 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी
डीएवी कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में मतदान पेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। यहां पुलिस बल तैनात है और 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। उम्मीदवार भी अपने समर्थकों के जरिए लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।