रंगदारी और धमकी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
शाहजहांपुर। सदर बाजार थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को इन्द्रानगर रेलवे लाइन के पास से दबोचा।
पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को सदर बाजार थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप था कि खिरनीबाग निवासी मंयक सक्सेना ने वादी के साथ गाली-गलौज की, रंगदारी मांगी और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गुरुवार को थाना सदर बाजार पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी मंयक सक्सेना इन्द्रानगर रेलवे लाइन के पास खड़ा है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम मंयक सक्सेना पुत्र कृष्ण कुमार सक्सेना निवासी मोहल्ला खिरनीबाग थाना सदर बाजार बताया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मानचन्द्र और कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।