फर्जी PhonePe ऐप से ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार
शाहजहांपुर। ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर दुकानदारों से धोखाधड़ी करने वाले तीन शातिर युवकों को कोतवाली पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी PhonePe ऐप के जरिए दुकानदारों को नकली पेमेंट दिखाकर सामान लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, चोरी के कपड़े और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला मेहमंद गढ़ी निवासी मोहम्मद नवेद खान ने 27 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कपड़ों की दुकान “ब्रांड कलेक्शन” से तीन युवक 15,450 रुपये के कपड़े खरीदकर फर्जी ऑनलाइन पेमेंट दिखाकर फरार हो गए। आरोपियों ने दुकान से एक थैला भी चोरी कर लिया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी/सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। बुधवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बरेली-सीतापुर हाईवे पर ग्राम मौजमपुर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में तिलहर निवासी अंशुल मिश्रा और बरेली के नकटिया निवासी राज गुप्ता व आयुष शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इंटरनेट से फर्जी PhonePe ऐप डाउनलोड किया था। इस ऐप से पेमेंट सफल होने का मैसेज दिख जाता था, लेकिन न तो उनके खाते से पैसा कटता था और न ही दुकानदार के खाते में पहुंचता था। इसी तरीके से वे दुकानों और पेट्रोल पंपों पर ठगी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक आईफोन 15 प्लस, चोरी की दो टी-शर्ट, एक जींसनुमा लोवर और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।