गंदौरी में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकली
बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत गंदौरी गांव में आयोजित श्री श्री 108 मध्य श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ को लेकर दिनांक 18 मई 2026, सोमवार को प्रातः 10:00 बजे भव्य मंगल कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भारी संख्या में कुमारी कन्याएं, माता-बहनें एवं श्रद्धालु भक्त शामिल हुए। डीजे, बाजा-गाजा एवं भक्तिमय जयघोष के साथ निकली कलश यात्रा पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही।
कलश शोभायात्रा गंदौरी गांव से निकलकर मिनी गंगा के नाम से प्रसिद्ध गेरुआ नदी पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ कलश जल भरनी संपन्न कराई गई। इसके उपरांत सभी श्रद्धालु पुनः कथा स्थल पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ।
आयोजित कथा कार्यक्रम 18 मई 2026 से 24 मई 2026 तक चला। कथा का समय प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा संध्या 7:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया। कथा का वाचन परम पूज्य स्वामी अभयानंद अभिषेक शास्त्री जी महाराज के श्रीमुख से किया गया। उनके मुखारविंद से प्रवाहित अमृतमयी श्रीमद्भागवत कथा सुनने के लिए दूर-दराज गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते नजर आए। महिलाएं, पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्ग श्रद्धा और भक्ति भाव से कथा का रसपान करते दिखाई दिए। पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
वहीं प्रतिदिन संध्या 6:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक भव्य गंगा संध्या पूजा का आयोजन भी किया गया। गंगा संध्या पूजा की विशेष झांकी एवं धार्मिक अनुष्ठान वृंदावन से आए विद्वान पंडितों एवं महात्माओं द्वारा वैदिक रीति-रिवाज एवं आध्यात्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। पूजा की भव्यता एवं आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा, शांति एवं आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।