फिरोजाबाद में महातूफान का अलर्ट, तेज हवाएं और भारी बारिश की चेतावनी
फिरोजाबाद : मौसम विभाग ने फिरोजाबाद जिले और आस-पास के इलाकों के लिए अगले 48 घंटे के दौरान 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, धूलभरी हवाएं, कड़कड़ाती बिजली, भारी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आम जनता से सावधानी बरतने और अफवाहों से बचने का आग्रह किया है।
जिलाधिकारी ने विस्तृत गाइडलाइंस भी जारी की हैं जिसमें घरों में रहने, कमजोर मकानों और ऊंची जगहों से दूर रहने, वाहन सुरक्षित स्थान पर पार्क करने और बिजली उपकरणों के प्लग निकालने की सलाह दी गई है। किसानों और पशुपालकों को फसल और पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। स्कूलों और संस्थानों को बच्चों को खुले मैदान में नहीं भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधानी बरतने को कहा है और आपदा के दौरान तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को सूचित करने की अपील की है।