गुरुआ में लूटकांड की जांच को पहुंचे मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, बोले जल्द गिरफ्तार होंगे अपराधी
गुरुआ में लूटकांड की जांच को पहुंचे मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, बोले जल्द गिरफ्तार होंगे अपराधी
विकास वैभव गुरुवार को गया जिले के गुरुआ बाजार पहुंचे, जहां बुधवार शाम हुई ज्वेलरी लूट एवं गोलीबारी की घटना की जांच की। आईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और व्यवसायियों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
आईजी विकास वैभव ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। पुलिस हर पहलू पर गहन जांच कर रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौके पर संदीप कुमार, नेयाज अहमद एवं मनेश कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इधर घटना के विरोध में गुरुवार को गुरुआ बाजार पूरी तरह बंद रहा। व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यवसायियों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा लूटे गए जेवरात और नकदी की बरामदगी की मांग की। बाजार बंद रहने से पूरे क्षेत्र में दिनभर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
बताया जाता है कि बुधवार शाम एस ब्रदर्स ज्वेलरी दुकान के प्रोपराइटर प्रभाकर कुमार वर्णवाल दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने गोली मार दी और करीब 40 लाख रुपये के जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। गोली प्रभाकर कुमार की जांघ में लगी है। घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।