फतेहपुर: बकरीद पर ईदगाहों में शांतिपूर्ण नमाज संपन्न
फतेहपुर: बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व जनपद भर में शांति, सौहार्द और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। थाना कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह रेडइया आबूनगर में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित होकर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की और देश व प्रदेश में अमन-चैन, तरक्की एवं भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के दौरान पूरा क्षेत्र धार्मिक आस्था और उत्साह से भरा रहा।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। ईदगाह परिसर एवं आसपास पुलिस बल, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे, जो लगातार भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। अधिकारियों ने ईदगाह परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने साफ-सफाई, पेयजल, यातायात सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया, जिससे नमाजियों को कोई असुविधा न हुई।
अधिकारियों ने जनपदवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं दी और सभी से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया। पर्व के दौरान जनपद में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।