logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

लालतारा के पास भीषण सड़क हादसा, बस चालक की गई जान, कई यात्रियों का चल रहा इलाज



खीरी प्रयागराज।
यमुनापार क्षेत्र में लालतारा पुलिस चौकी के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बस चालक की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब खीरी से प्रयागराज जा रही यात्री बस और कोहड़ार की ओर से आ रही हाइवा ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में बस चालक देवी प्रसाद श्रीवास्तव पुत्र ज्वाला प्रसाद निवासी लाला का पुरवा, बहरैचा थाना खीरी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया, लेकिन एसआरएन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। चालक मूल रूप से सिरसा थाना मेजा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

दुर्घटना में पूजा पत्नी विनय केसरवानी निवासी खीरी, ललिता पत्नी संजय सिंह निवासी ढेरहन तथा अरविंद कुमार पुत्र राजमणि निवासी सिकी खुर्द खुटा सहित कई लोग घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार घायलों के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं तथा फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है। ललिता सिंह का इलाज प्रयागराज के यशलोक हॉस्पिटल में, पूजा का उपचार संजीवनी हॉस्पिटल एडीए नैनी में तथा अरविंद कुमार का इलाज मेडिकल साथी हॉस्पिटल करछना में चल रहा है।

वहीं अखिलेश मित्र पुत्र संगम लाल निवासी खीरी को सिर में हल्की चोटें आई थीं। उन्होंने निजी अस्पताल में इलाज कराया और अब घर पर स्वस्थ हैं। अन्य घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि मृतक चालक के परिजनों से संपर्क कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

5
90 views

Comment