logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हत्या की विवेचना में लापरवाही, थाना प्रभारी लाइन हाजिरः केस में धाराएं कम की, बिजनौर एसपी ने विभागीय जांच के आदेश दिए

बिजनौर के एसपी अभिषेक झा ने हीमपुर थाना प्रभारी जय भगवान को हत्या के एक मुकदमे की विवेचना में लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने इस मामले में विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।

आरोप है कि थाना प्रभारी जय भगवान ने हत्या से संबंधित एक गंभीर मामले की विवेचना के दौरान अपने पद का दुरुपयोग किया। उन्होंने एक अभियुक्त के विरुद्ध लगी कानूनी धारा को कम कर दिया था। यह मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने पर इसे गंभीरता से लिया गया।

जांच में प्रथम दृष्टया थाना प्रभारी द्वारा अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और स्वेच्छाचारिता बरतने की बात सामने आई। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए एसपी बिजनौर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी जय भगवान को तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर लाइन हाजिर किया।

विभागीय जांच की जिम्मेदारी एएसपी देहात प्रकाश कुमार को सौंपी गई है। जिले की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी ने कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में भी फेरबदल किया है।

सतेन्द्र सिंह को हीमपुर थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। सुनील कुमार को प्रभारी स्वाट टीम और हिमांशु को प्रभारी सर्विलांस की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी अभिषेक झा ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे कानून के दायरे में रहकर पूरी निष्पक्षता से काम करें। कानून के प्रतिकूल कोई भी कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

4
296 views

Comment