logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बैठवलिया में तेल का खेल उजागर: टॉयलेट में डीजल, किचन में पेट्रोल छुपाकर कर रहे थे कालाबाजारी!

डीएम के आदेशों को धता बताते हुए किसान सेवा केंद्र पर बड़ा खुलासा, नायब तहसीलदार की छापेमारी में सामने आया अनोखा मामला

रिपोर्ट : प्रदीप सिंह | महराजगंज

महराजगंज जनपद के बैठवलिया क्षेत्र में एक किसान सेवा केंद्र पर प्रशासन की छापेमारी के दौरान ऐसा खुलासा हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया। जहां एक ओर जिलाधिकारी द्वारा डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग नियमों को धता बताकर तेल छिपाने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं।

बताया जा रहा है कि संबंधित पेट्रोल पंप संचालक ने ग्राहकों को यह कहकर लौटा दिया था कि पंप पूरी तरह “ड्राई” यानी खाली हो चुका है। लेकिन जब नायब तहसीलदार पीयूष कुमार जायसवाल अपनी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की, तो कहानी कुछ और ही निकली।

जांच में सामने आया कि पंप के मुख्य स्टॉक में करीब 1500 लीटर डीजल और 1500 लीटर पेट्रोल मौजूद था। इसके अलावा टीम ने जब परिसर की गहन तलाशी ली, तो टॉयलेट और किचन में भी बड़ी मात्रा में तेल छिपाकर रखा गया मिला।

राजस्व टीम के अनुसार शौचालय में गैलनों में भरकर डीजल रखा गया था, जबकि रसोईघर में लगभग ढाई सौ लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद हुआ। यह देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए कि तेल छिपाने के लिए किचन और टॉयलेट जैसी जगहों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

इस कार्रवाई में लेखपाल मनीष सिंह सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने पूरे मामले की सूचना तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) को दे दी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि कालाबाजारी और कृत्रिम संकट पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपील
जिम्मेदार नागरिक बनें और ऐसी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

4
59 views

Comment