बिलाईगढ़ में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित इक्को वाहन पेड़ से टकराया, चालक की मौत दो गंभीर घायल
बिलाईगढ़ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक इक्को वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने से चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सलीहा से बिलाईगढ़ की ओर आ रहे वाहन का हुर्राडोंगरी के पास हुआ, जहां टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन अगले हिस्से से पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
वाहन में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया, जहां दोनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रण इस हादसे का प्रमुख कारण हो सकता है। पुलिस टीम घटना स्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया है और सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।