बिना नंबर प्लेट और बिना दस्तावेज रेड लाइट जंप करती बाइक पर डीसीपी क्राइम की नजर, 32,500 का चालान
पंचकूला में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले बाइक चालक पर डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह की सीधी कार्रवाई देखने को मिली। एमडीसी लाइटों के पास बिना नंबर प्लेट खतरनाक तरीके से बाइक चलाते युवक को रोककर जांच की गई, जिसमें चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, वैध बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिले।
जानकारी के अनुसार 27 मई को डीसीपी अमरिंदर सिंह सरकारी वाहन से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक चालक को रेड लाइट जंप करते और लापरवाही से वाहन चलाते देखा। उन्होंने तुरंत सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंदर कुमार को मौके पर बुलाया, जिसके बाद पुलिस टीम ने वाहन की जांच की।
जांच में चालक पर बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना थर्ड पार्टी इंश्योरेंस, प्रदूषण नियमों के उल्लंघन, खतरनाक ड्राइविंग, ट्रैफिक लाइट उल्लंघन, बिना नंबर प्लेट और बिना रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट सहित कई धाराओं में कार्रवाई करते हुए कुल ₹32,500 का चालान किया गया। साथ ही बाइक को इंपाउंड कर एमडीसी थाना में खड़ा करवाया गया।
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंचकूला पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय सभी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।