प्रोजेक्ट परख के तहत शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर, उपायुक्त मनीष कुमार ने शिक्षकों को दिए दिशा-निर्देश
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टाटा कॉलेज चाईबासा स्थित बहुउद्देशीय सभागार में “प्रोजेक्ट परख: तैयारी उड़ान की” को लेकर एकदिवसीय बैठक-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की। इस दौरान जिले के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य, टीजीटी-पीजीटी शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और “सशक्त सिंहभूम” की परिकल्पना को साकार करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और सकारात्मक माहौल से ही बच्चों के भीतर आत्मविश्वास पैदा होगा। उन्होंने बच्चों के मन से नकारात्मक सोच खत्म कर उन्हें आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यशाला में स्कूलों की साफ-सफाई, शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, मासिक अभिभावक-शिक्षक बैठक, नियमित टेस्ट, खेल महोत्सव, शैक्षणिक भ्रमण और सामाजिक जागरूकता अभियान चलाने जैसे कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही बाल विवाह, घरेलू हिंसा, धूम्रपान और प्लास्टिक उपयोग के खिलाफ भी जागरूकता फैलाने की बात कही गई।