इनरवा पुलिस और एसएसबी ने बकरीद पर फ्लैग मार्च निकाला
मैनाटांड़ : बकरीद पर्व को लेकर क्षेत्र में शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को इनरवा पुलिस एवं एसएसबी द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित किया गया।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस एवं एसएसबी के जवानों ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच विश्वास कायम करना और यह संदेश देना है कि बकरीद का त्योहार भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर लोगों को सचेत करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मार्च में एसएसबी के जवानों के साथ-साथ दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल हुए, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का स्पष्ट संदेश गया।