गैलन में डीजल न मिलने पर किसानों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
सिंचाई के लिए डीजल ले जाने पर रोक से बढ़ी परेशानी, पुलिस के समझाने पर शांत हुए किसान
रिपोर्ट : प्रदीप सिंह
महराजगंज जनपद में पेट्रोल और डीजल की बिक्री को लेकर प्रशासन द्वारा बढ़ाई गई सख्ती का असर अब किसानों पर भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार को घुघली थाना क्षेत्र के घुघली-सिसवा मार्ग स्थित माँ भगवती किसान सेवा केंद्र (इंडियन ऑयल) पेट्रोल पंप पर गैलन में डीजल न दिए जाने से नाराज किसानों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
किसानों के प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बताया जा रहा है कि जिले में अवैध भंडारण और डीजल-पेट्रोल के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर सख्ती बढ़ा दी है। कई पेट्रोल पंपों पर गैलन और डिब्बों में तेल देने पर रोक अथवा सीमित व्यवस्था लागू की गई है।
इस कार्रवाई का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों पर पड़ रहा है, जो सिंचाई के लिए खेतों तक डीजल पहुंचाने हेतु गैलन का उपयोग करते हैं। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि उनके खेत पेट्रोल पंप से चार से पांच किलोमीटर दूर स्थित हैं और पंप सेट तक डीजल पहुंचाने के लिए गैलन ही एकमात्र साधन है।
किसानों ने आरोप लगाया कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए गैलन में डीजल देने पर रोक लगा देना खेती-किसानी के कार्य में बड़ी बाधा बन रहा है। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि खेती और सिंचाई कार्य के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाए ताकि किसानों को परेशानी न उठानी पड़े।
सूचना मिलने पर घुघली नगर चौकी इंचार्ज शिवम राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। काफी देर बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।