सिंगरौली महोत्सव से पहले शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य, दौरा खत्म होते ही बंद
सिंगरौली। जिले में आयोजित सिंगरौली महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव के आगमन की सूचना मिलते ही नवजीवन विहार से माजन मोड़ तक सड़क निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया गया था। लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम समाप्त होते ही निर्माण कार्य बंद हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि केवल वीआईपी दौरे को ध्यान में रखकर काम शुरू किया गया, जबकि अब कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
जानकारी के अनुसार नवजीवन विहार से माजन मोड़ तक सड़क निर्माण के लिए करीब 9 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। इसके बावजूद निर्माण कार्य की धीमी गति और अचानक बंद होने से क्षेत्रवासियों में सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द दोबारा शुरू कराया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। फिलहाल सड़क की खराब स्थिति दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रही है।
न्यूज रिपोर्टिंग राम कुमार गुप्ता #AIMAMEDIA #NEWS #SINGRAULI #COLLECTOR SINGRAULI #DR.MOHAN YADAV #SINGRAULI MAHOTSAV