फतेहपुर जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र मे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज रेफर
फतेहपुर जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुरादीपुर-बिंदकी मार्ग स्थित गोगौली रेलवे ओवरब्रिज के समीप हुआ, जहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं लोगों की जान पर भारी पड़ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, उन्नाव जनपद के वर्मा खेड़ा निवासी राजकुमार पुत्र गंगा प्रसाद (50) बिंदकी से अपने घर वापस लौट रहे थे। तभी सुबह लगभग 10:30 बजे गोगौली रेलवे ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में घायल का दाहिना पैर फैक्चर हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोगौली रेलवे ओवरब्रिज के आसपास तेज रफ्तार वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी के चलते लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा। लोगों ने क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।