गुरुआ में 40 लाख की ज्वेलरी लूट के विरोध में बाजार बंद, व्यापारियों का फूटा गुस्सा
गुरुआ में 40 लाख की ज्वेलरी लूट के विरोध में बाजार बंद, व्यापारियों का फूटा गुस्सा
अपराधियों की गिरफ्तारी और जेवरात बरामदगी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे व्यवसायी
गया जिले के गुरुआ बाजार में दिनदहाड़े हुई करीब 40 लाख रुपये की ज्वेलरी लूट और गोलीबारी की घटना के विरोध में गुरुवार को पूरा बाजार बंद रहा। व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी की मांग की। घटना को लेकर इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश देखा गया।
बाजार बंद कर किया विरोध प्रदर्शन
बाजार बंद आंदोलन में पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी प्रसाद, वर्तमान मुखिया पति सह राजद के पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुरेन्द्र कुमार यादव,जेवलरी व्यवसाय मनोज वर्णवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गुरुआ जैसे शांत इलाके में इस तरह की बड़ी वारदात ने आम लोगों और कारोबारियों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। व्यापारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
फिल्मी अंदाज में हुई बड़ी लूट
बुधवार की शाम अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गुरुआ बाजार स्थित एस ब्रदर्स ज्वेलरी दुकान के प्रोपराइटर प्रभाकर कुमार वर्णवाल रोज की तरह दुकान बंद कर करीब सात बजे अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर बैग छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर गोली चला दी।
गोली लगते ही सड़क पर गिरे कारोबारी
गोली प्रभाकर कुमार के दाहिने जांघ में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद अपराधियों ने उनके हाथ में मौजूद बैग छीन लिया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, जरूरी कागजात और अन्य सामान थे। इस दौरान दुकान के स्टाफ सुभाष सिंह भी घायल हो गए।
बाजार में मची अफरा-तफरी
अचानक हुई गोलीबारी और लूट की घटना से पूरे बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधी बस स्टैंड की ओर से आए थे और बरतल्ला मोड़ होते हुए गुरारु की दिशा में फरार हो गए। भागने के दौरान बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे ताकि कोई उनका पीछा न कर सके।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं एसएसपी सुशील कुमार, शेरघाटी एसडीपीओ संदीप कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर नेयाज अहमद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा घटनास्थल से खोखे भी बरामद किए गए हैं।
घायल कारोबारी गया रेफर
घायल प्रभाकर कुमार को पहले गुरुआ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गया रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।