उत्तराखंड में भारी बारिश और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
IMD ने चेतावनी दी है कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। साथ ही बिजली चमकने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन को चारधाम यात्रा मार्गों पर सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है। 30 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।