logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

वनाग्नि का कहर: चकराता के देवघार रेंज में सैकड़ों हेक्टेयर वन संपदा और सेब बागान जलकर राख

वनाग्नि का कहर: चकराता के देवघार रेंज में सैकड़ों हेक्टेयर वन संपदा और सेब बागान जलकर राख
विकासनगर (चकराता): चकराता वन प्रभाग के देवघार रेंज में पिछले दो दिनों से भीषण वनाग्नि ने तबाही मचा रखी है। आग ने न केवल सैकड़ों हेक्टेयर वन क्षेत्र को नष्ट कर दिया है, बल्कि आसपास के गांवों के सेब के बगीचों, आवासीय छानियों और अन्य संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
आग सबसे पहले सिविल क्षेत्र में लगी और तेज हवाओं के कारण रिजर्व वन क्षेत्र में तेजी से फैल गई। प्रभावित किसानों ने बताया कि उनकी पूरी सेब की फसल और छानियां जलकर राख हो गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से तुरंत नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा और राहत देने की मांग की है।
वन विभाग की प्रतिक्रिया
देवघार रेंज अधिकारी शिवानी रावत ने बताया, “आग शुरू में सिविल क्षेत्र से शुरू हुई थी, जो बाद में रिजर्व फॉरेस्ट में पहुंच गई। वन विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने का कार्य कर रही हैं। हम स्थानीय लोगों से अपील करते हैं कि वे वनकर्मियों के साथ पूरा सहयोग करें, ताकि वन संपदा को और नुकसान से बचाया जा सके।”
वर्तमान में वनकर्मी, फायर ब्रिगेड और स्थानीय युवाओं के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, पहाड़ी इलाके की दुर्गम भौगोलिक स्थिति और हवा के रुख के कारण आग को पूरी तरह नियंत्रित करने में चुनौतियां बनी हुई हैं।
विभाग की अपील
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से आग लगाने से बचने और सूखी घास-फूस को सावधानीपूर्वक निपटाने की अपील की है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
प्रशासन जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आंकलन शुरू करने वाला है। इस भीषण आग से स्थानीय अर्थव्यवस्था, खासकर सेब उत्पादकों पर गंभीर असर पड़ा है।

21
1365 views

Comment