Kharkhoda के गांव रिढाऊ में कोर्ट में गवाही देने के बाद एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है।
गांव रिढाऊ में कोर्ट में गवाही देने के बाद एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। फरमाणा चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव रिढाऊ निवासी जसवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मई को उसकी संतोष बनाम सरकार मामले में कोर्ट में गवाही थी। आरोप है कि गवाही से पहले उसे कई फोन कॉल कर बयान न देने की धमकी दी गई थी, लेकिन उसने अदालत में गवाही दी।
शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपित सतपाल, ज्योति और संतोष ने उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी। 25 मई की रात करीब 9 बजे अनील उर्फ सेठी का फोन आया। कुछ मिनट बाद अनील अपने 13-14 साथियों के साथ उसकी बैठक पर पहुंच गया।
आरोप है कि आरोपितों ने शीशे का गेट तोड़कर अंदर घुसते ही मारपीट शुरू कर दी। जसवीर ने आरोप लगाया कि अनील ने उस पर रिवाल्वर तान दी, जबकि अन्य लोगों ने बेल्ट, थप्पड़ों और चाकू से हमला किया। चाकू के वार से उसके हाथ में चोट लगी।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल को पहले खरखौदा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ का सामने आया है। चेन तोड़ने और पिस्तौल दिखाने के आरोपों की जांच की जा रही है।